बाबाजी न्यूज़ रायपुर। पूज्य सिंधी पंचायत अमलीडीह, रायपुर द्वारा सिंधी समाज के आराध्य भगवान झूलेलाल की जयंती के पावन अवसर पर चेट्रीचंड महोत्सव 2026 के अंतर्गत समाजहित में विभिन्न सेवा कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में पंचायत एवं जेसीआई रायपुर मेडिको सिटी के संयुक्त तत्वावधान में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा।
यह शिविर 15 मार्च 2026, रविवार को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक SSD धाम, मेडिसाइन हॉस्पिटल रोड, अमलीडीह रायपुर में आयोजित होगा। शिविर में शहर के कई विशेषज्ञ चिकित्सक अपनी सेवाएं देंगे और विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य जांच निःशुल्क की जाएगी। साथ ही समाजसेवियों से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान कर मानव सेवा के इस पुनीत कार्य में सहभागी बनने की अपील की गई है।
शिविर में आने वाले लोगों की बीपी, शुगर, लिपिड प्रोफाइल, HbA1c सहित कई महत्वपूर्ण जांचें की जाएंगी। रक्तदान करने वाले सभी सम्माननीय रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र, मोमेंटो एवं उपहार देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा शिविर में शामिल होने वाले व्यक्तियों को डॉक्टरों की ओपीडी फीस में 25 प्रतिशत तक की विशेष छूट भी प्रदान की जाएगी।
पूज्य सिंधी पंचायत अमलीडीह के अध्यक्ष विशाल राजेश कुकरेजा ने समाज के सभी लोगों से इस सेवा कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि चेट्रीचंड महोत्सव केवल धार्मिक उत्सव ही नहीं बल्कि समाज सेवा का भी प्रतीक है, इसलिए रक्तदान और स्वास्थ्य जांच जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के लोगों की सेवा करना हमारा उद्देश्य है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में युवा विंग अध्यक्ष राकेश माटा सहित पंचायत के पदाधिकारी और समाजसेवी सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं। आयोजकों ने सभी समाजजनों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस सेवा अभियान को सफल बनाने की अपील की है





