रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर की पावन धरा पर सिंधु सभ्यता की महान परंपरा को संजोते हुए एक ऐतिहासिक कदम उठाया जा रहा है। पुज्य छत्तीसगढ़ सिंधी पंचायत एवं पुज्य सिंधी पंचायत संत कंवरराम नगर के संयुक्त तत्वावधान में राज्य का प्रथम “सिंधु कुलदेवी हिंगलाज माता मंदिर” और एक सामाजिक-सांस्कृतिक हॉल का निर्माण किया जाएगा।

इस भव्य मंदिर निर्माण कार्य का शुभारंभ 30 अप्रैल को अक्षय तृतीया के शुभ मुहूर्त में किया जाएगा। यह आयोजन सिंधी समाज की एकता, आस्था और सांस्कृतिक धरोहर को समर्पित होगा।

प्रदेश अध्यक्ष महेश दरियानी ने बताया कि यह मंदिर न केवल श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बनेगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक सांस्कृतिक धरोहर भी होगा। इस ऐतिहासिक पहल में समाज के वरिष्ठ समाजसेवी अमर चंदनानी की अग्रणी भूमिका रही है, जो वर्षों से समाजहित में कार्य करते आ रहे हैं।
इस अवसर पर समाज के अनेक गणमान्य जन, संत-विद्वान, समाजसेवी और सिंधी समाज के सैकड़ों सदस्य उपस्थित रहेंगे। मंदिर और हॉल का निर्माण समाज की एकता, संस्कृति और सेवा भावना को नई दिशा देगा।


