बाबाजी न्यूज़ रायपुर — सड़क दुर्घटनाओं को कम करने तथा आम नागरिकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सुरक्षित भव फाउंडेशन द्वारा एक विशेष सड़क सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन 16 मार्च होटल बेबीलोन कैपिटल में किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में सड़क पर सुरक्षित तरीके से चलने, यातायात नियमों का पालन करने तथा दुर्घटना की स्थिति में अपनाई जाने वाली आवश्यक सावधानियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में यातायात पुलिस से अधिकारीअतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री विवेक शुक्ला जी, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त श्री सतीश ठाकुर जी, रेड क्रॉस सोसाइटी से सहायक प्रबंधक श्री देव प्रकाश कुर्रे जी, सी पी आर प्रशिक्षक डॉ. वैभव शर्मा जी एवं उनकी पूरी टीम, यातायात प्रशिक्षक श्री टी के लाल भोई जी, होटल बेबीलोन कैपिटल के मालिक श्री परमजीत सिंग जी, संस्था के चेयरमैन डॉ. संदीप धूप्पड़ जी, डायरेक्टर श्री केशव राव जी, डिप्टी डायरेक्टर श्रीमति निधि अग्रवाल जी, डिप्टी डायरेक्टर सुश्री मैत्री व्यास जी, रोड सेफ्टी क्लब के नवनियुक्त रायपुर के अध्यक्ष श्री इकबाल खान जी, दुर्ग के अध्यक्ष श्री हरप्रीत सिंग जी एवं अन्य सदस्यगण विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने सड़क सुरक्षा के महत्व पर अपने विचार व्यक्त करते हुए लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।
प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने बताया कि वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करना, निर्धारित गति सीमा का पालन करना, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करना तथा ट्रैफिक सिग्नलों का सम्मान करना अत्यंत आवश्यक है। साथ ही दुर्घटना होने की स्थिति में घायलों को प्राथमिक उपचार देने, एम्बुलेंस को तुरंत सूचना देने और समय पर सहायता उपलब्ध कराने के बारे में भी प्रतिभागियों को प्रशिक्षित किया गया।
इसी अवसर पर सड़क सुरक्षा के प्रति निरंतर जागरूकता बनाए रखने के उद्देश्य से रोड सेफ्टी क्लब का भी शुभारंभ किया गया एवं नवनियुक्त पदाधिकारियों ने शपथ ली। इस क्लब का उद्देश्य विद्यार्थियों और आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा के नियमों के प्रति जागरूक करना, समय-समय पर प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करना तथा सुरक्षित यातायात संस्कृति को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। सुरक्षित भव फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक जिम्मेदारी से यातायात नियमों का पालन करे तो सड़क दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है और अनेक अनमोल जीवन बचाए जा सकते हैं। इस अवसर पर जिन लोगों ने सड़क दुर्घटना में किसी की मदद की या जान बचाई उनको सुपर हीरो सम्मान से सम्मानित भी किया गया।संस्था के चेयरमैन डॉ. संदीप धूप्पड़ जी ने अधिक से अधिक संख्या में लोगों से रोड सेफ्टी क्लब में जुड़ने की अपील की और डायरेक्टर श्री केशव राव जी ने अंत में सभी को धन्यवाद अर्पण करते हुए सड़क सुरक्षा नियमों को पालन करने का अनुरोध किया।






