रायपुर। छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, ओडिशा व आंध्रप्रदेश में आयकर विभाग ने बुधवार को राइस मिलर व ब्रोकर के 25 ठिकानों पर एक साथ छापा मारा है। टीम को अलग-अलग स्थानों से अब तक डेढ़ करोड़ रुपये और 12 लाकर मिले हैं। चावल कारोबारियों के यहां से ज्वेलरी भी मिली है।
टीम ने सड्डू स्थित जिस राइस मिल में छापे की कार्रवाई की है, उसी परिसर में छह अन्य राइस मिल संचालित होने की बात सामने आई है। इसी के साथ ही सड्डू मार्ग पर सत्यम बालाजी से जुड़े एक कार शोरूम में आईटी की टीम ने दबिश दी है। कार्रवाई के दौरान 30 बैंक पासबुक और लाकर मिलने की बात सामने आई है।
खातों में कच्चे में करोड़ों का लेनदेन किया गया है। चावल कारोबारियों द्वारा ब्रोकर के माध्यम से विदेश में चावल निर्यात किया जाता था। इसके दस्तावेज मिले हैं। ब्रोकरों के माध्यम से सेल कंपनी बनाकर निर्यात किए जाने की बात सामने आई है। आयकर की टीम सुबह पांच बजे छापा मारने पहुंची।


