भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार अब जबरन या धोखे से धर्मांतरण कराने वालों के खिलाफ फांसी की सजा का प्रावधान करने जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर इसकी घोषणा की। उन्होंने कहा कि मासूम बेटियों के साथ दुराचार के दोषियों को फांसी की सजा देने के बाद अब राज्य में जबरन धर्मांतरण कराने वालों पर भी यही सख्त कार्रवाई होगी।

महिला दिवस पर मुख्यमंत्री का बड़ा ऐलान
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने यह घोषणा कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में आयोजित ‘लाड़ली बहना राशि अंतरण कार्यक्रम’ में की। इस दौरान बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष एवं लोकसभा सांसद विष्णुदत्त शर्मा भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा, “राज्य में मासूम बच्चियों के साथ दुराचार करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। इसी तरह, जबरन धर्मांतरण कराने वालों को भी कड़ी सजा मिलेगी। धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम में संशोधन कर सरकार अब फांसी की सजा का प्रावधान करने जा रही है।”
धर्मांतरण और दुराचार पर सरकार का सख्त रुख
सरकार ने धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम के तहत जबरन धर्मांतरण और बहला-फुसलाकर धर्म बदलवाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई का संकल्प लिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज की इन कुरीतियों को खत्म करने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।


