रायपुर। 22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगांव में हुए दहशतगर्द आतंकी हमले के विरोध में आज 24 अप्रैल को संध्या 6 बजे पचपेड़ी नाका चौक से टैगोर नगर चौक तक श्रद्धांजलि यात्रा निकाली गई। इस दौरान पाकिस्तान के झंडे का दहन कर आक्रोश प्रकट किया गया। कार्यक्रम का आयोजन वार्ड क्रमांक 58 की पार्षद श्रीमती स्वप्निल मिश्रा के नेतृत्व में किया गया।

श्रद्धांजलि यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में आमजन, युवावर्ग, सामाजिक कार्यकर्ता एवं विभिन्न संगठनों के सदस्य उपस्थित रहे। लोगों ने हाथों में तिरंगा, मोमबत्तियां और “भारत माता की जय”, “पाकिस्तान मुर्दाबाद” जैसे नारों के साथ देश के प्रति अपनी भावना व्यक्त की।

टैगोर नगर चौक पर पहुंचकर सभी उपस्थितजनों ने मोमबत्तियां जलाकर पहलगांव आतंकी हमले में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि दी और दो मिनट का मौन रखकर उन्हें स्मरण किया।

इस अवसर पर श्रीमती स्वप्निल मिश्रा ने कहा, “यह हमला केवल जवानों पर नहीं बल्कि पूरे देश की अखंडता और हिंदुत्व पर हमला है। हम सभी देशवासियों को एकजुट होकर इस षड्यंत्रकारी मानसिकता के विरुद्ध आवाज उठानी चाहिए। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री के हर कदम में हमारा पूरा समर्थन रहेगा।”
जनसमूह ने इस मौके पर यह संकल्प लिया कि वे देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए सदैव जागरूक और तत्पर रहेंगे।


