IND vs ENG : भारत और इंग्लैंड के बीच इन दिनों 3 वनडे मैचों की सीरीज खेली जा रही है। पहले दो वनडे जीतकर भारतीय टीम सीरीज पर कब्जा जमा चुकी है। सीरीज का तीसरा और आखिरी वनडे 12 फरवरी को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। सीरीज गवां चुकी इंग्लैंड टीम को क्लीन स्वीप का भी डर नहीं है। बेन डकेट आखिरी वनडे से पहले कहा कि वनडे सीरीज में इंग्लैंड को 3-0 से भी हार मिलती है तब भी कोई समस्या नहीं है, अगर वह चैंपियंस ट्रॉफी 2025 जीतते हैं। भारत के खिलाफ वनडे सीरीज सिर्फ चैंपियंस ट्रॉफी 2025 की तैयारी है। हमें आईसीसी टूर्नामेंट पर फोकस करना है।
डकेट ने कहा, “हम यहां एक चीज के लिए आए हैं और वह है चैंपियंस ट्रॉफी जीतना। हमें अब भी विश्वास है कि हम ऐसा कर सकते हैं। कुछ खिलाड़ी अपने पैर जमा रहे हैं और थोड़ी-बहुत फॉर्म में हैं। यह एक बड़ी सीरीज है, लेकिन चैंपियंस ट्रॉफी बड़ी प्रतियोगिता है। अगर हम भारत से 3-0 से हार जाते हैं, तो मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता जब तक हम उन्हें चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में हरा देते हैं। अगर हम चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में अच्छा करते हैं तो कोई भी इस सीरीज को याद नहीं रखेगा।”
भारत और इंग्लैंड के बीच वनडे सीरीज का पहला मुकाबला नागपुर के विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला गया था। भारत ने इस मुकाबले में इंग्लैंड को 4 विकेट से हराया था। पहले मैच में बने डेकट ने 29 गेंदों पर 32 रन की पारी खेली थी। इस दौरान उन्होंने 6 चौके भी लगाए थे। सीरीज का दूसरा वनडे मैच कटक के बाराबती स्टेडियम में हुआ था। भारतीय टीम ने इस मुकाबले को भी 4 विकेट से अपने नाम किया था। पिछले वनडे में बेन डकेट ने अर्धशतक लगाया था। उन्होंने 56 गेंदों पर 65 रन की पारी खेली थी। इस दौरान इंग्लैंड के ओपनर ने 10 चौके भी जड़े थे।


