रायपुर। शहर के वार्ड क्रमांक 42, जोन क्रमांक 5 में स्वच्छता की अलख जगाते हुए पार्षद और जोन अध्यक्ष अंबर अग्रवाल के नेतृत्व में एक विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस अभियान में क्षेत्रवासियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और श्रमदान करते हुए तालाब की सफाई में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
बाबा साहेब का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणादायक : CM विष्णुदेव साय
पार्षद अंबर अग्रवाल ने स्वयं सफाई कार्यों में हाथ बंटाया और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। उनके प्रेरणादायी नेतृत्व से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में नागरिक तालाब की सफाई में जुट गए। देखते ही देखते तालाब का रूप बदलने लगा और क्षेत्र में स्वच्छता को लेकर एक नया संदेश गया।
इस मौके पर अंबर अग्रवाल ने कहा, “स्वच्छता केवल एक दिन का कार्य नहीं, यह एक निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है। यदि हम सब मिलकर अपने क्षेत्र को साफ रखने का संकल्प लें, तो पूरा शहर स्वच्छ और सुंदर बन सकता है।”
स्थानीय निवासियों ने पार्षद के इस प्रयास की सराहना की और उन्हें स्वच्छता अभियान का ‘हीरो’ करार दिया। लोगों का कहना था कि यदि हर वार्ड में ऐसे जनप्रतिनिधि हों, तो रायपुर जल्द ही देश के सबसे स्वच्छ शहरों में गिना जाएगा।
यह सफाई अभियान न केवल एक सामाजिक पहल थी, बल्कि इससे यह संदेश भी गया कि जब नेतृत्व मजबूत हो और जनता साथ दे, तो कोई भी बदलाव नामुमकिन नहीं होता।


