रायपुर | 22 अप्रैल 2025 श्री गौड़ ब्राह्मण समाज संस्था रायपुर के तत्वावधान में बॉक्स क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ हुआ। यह प्रतियोगिता रायपुर स्थित दिशा कॉलेज के पास मैदान में आयोजित की जा रही है, जो 21 अप्रैल से 27 अप्रैल 2025 तक चलेगी। आयोजन के पहले ही दिन युवाओं में जबरदस्त जोश और उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था अध्यक्ष प्रहलाद मिश्र, कार्यक्रम संयोजक विकास शर्मा (विक्की) और सह सचिव बसंत तिवाड़ी की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया। आयोजन समिति ने जानकारी दी कि इस प्रतियोगिता में लगभग 16 टीमें भाग ले रही हैं, और प्रत्येक टीम में 6 खिलाड़ी शामिल हैं।
मैच के दौरान हर दिन ‘मैन ऑफ द मैच’ को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता के समापन पर विजेता टीम को नगद पुरस्कार और ट्रॉफी, वहीं उपविजेता टीम को भी नगद राशि और ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त, मैन ऑफ द सीरीज, बेस्ट बैट्समैन, बेस्ट बॉलर और सर्वाधिक छक्के मारने वाले खिलाड़ी को भी सम्मानित किया जाएगा।
प्रतियोगिता के पहले दिन खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया, जिससे मैदान में मौजूद दर्शकों में भारी उत्साह देखा गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज के युवाओं को खेल और सामाजिक एकता से जोड़ना है।


