सलधा/बेमेतरा।
सलधा /बेमेतरा / रायपुर बाबाजी न्यूज़ ——- बेमेतरा जिले के सलधा स्थित सपाद लक्षेश्वर धाम में 29 जुलाई 2026 से 26 सितम्बर 2026 तक दिव्य एवं भव्य चातुर्मास्य व्रत अनुष्ठान महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन परमश्रद्धेय जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी श्री अभिमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज के सान्निध्य एवं आशीर्वाद में संपन्न होगा।
आयोजन समिति के अनुसार चातुर्मास के दौरान प्रतिदिन पंचदेव पूजन, वेद पाठ, धार्मिक प्रवचन, भजन-कीर्तन एवं विभिन्न वैदिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे। पूरे चातुर्मास में श्रद्धालुओं को धर्म, संस्कृति एवं सनातन परंपराओं से जुड़ने का विशेष अवसर मिलेगा।
महोत्सव के दौरान हरियाली अमावस्या, धर्मसम्राट स्वामी करपात्री जी जयंती, गोस्वामी तुलसीदास जयंती, रक्षाबंधन, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, विद्या साधना शिविर, अनंत चतुर्दशी सहित अनेक धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
आयोजन समिति ने बताया कि सपाद लक्षेश्वर धाम में एक साथ सवा लाख शिवलिंगों की स्थापना का ऐतिहासिक कार्य भी किया जा रहा है। श्रद्धालु अपने एवं अपने परिवार के नाम से शिवलिंग स्थापना एवं धार्मिक सहयोग में भाग लेकर पुण्य लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
समिति ने प्रदेशभर के श्रद्धालुओं एवं सनातन धर्मावलंबियों से इस पावन अवसर पर अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्म लाभ अर्जित करने की अपील की है। यह सारी जानकारी दंडी स्वामी इंदु भवानंद तीर्थ जी महाराज के सानिध्य में ज्योर्तिमठ के सीएफओ मदन मोहन उपाध्याय जी एवं मीडिया प्रभारी अशोक साहू जी ने बताया
स्थान: सपाद लक्षेश्वर धाम, सलधा, जिला–बेमेतरा (छत्तीसगढ़)
आयोजन अवधि: 29 जुलाई 2026 से 26 सितम्बर 2026




