रायपुर।”नव नित्यम योग परिवार” की ओर से रविवार को राजधानी रायपुर स्थित झूलेलाल धाम में एक विशेष योग कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में योग के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई और प्रतिभागियों को योगाभ्यास कराकर शारीरिक और मानसिक लाभ के बारे में जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष रूप नारायण सिन्हा रहे, जिन्होंने योग को जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बनाने की अपील करते हुए कहा कि आज के दौर में योग न केवल स्वास्थ्य बल्कि आत्मिक शांति के लिए भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने नव नित्यम योग परिवार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ की योग ब्रांड एंबेसडर ज्योति जी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने अपने जीवन अनुभव साझा करते हुए बताया कि किस प्रकार नियमित योगाभ्यास ने उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाए हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे योग को अपनाएं और नशे व अव्यवस्थित जीवनशैली से दूर रहें।
पूरे कार्यक्रम का संचालन और प्रशिक्षण पायल जेसवानी ने किया, जो नव नित्यम योग परिवार की प्रशिक्षित योग शिक्षिका हैं। उन्होंने सरल और प्रभावी योगासन सिखाए, जिनका नियमित अभ्यास कर प्रतिभागी अपने स्वास्थ्य को बेहतर बना सकते हैं।
कार्यक्रम में रायपुर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में योग साधकों ने भाग लिया। आयोजकों ने बताया कि इस तरह की कार्यशालाएं आगे भी नियमित रूप से आयोजित की जाएंगी ताकि समाज में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।


