बाबाजी न्यूज़ रायपुर —- राजधानी रायपुर में सूने मकान में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को तेलीबांधा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया सोने का चैन, चांदी के 12 बेलपत्र और 89 हजार 495 रुपये नगद सहित अन्य सामान बरामद किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तेलीबांधा थाना क्षेत्र के निवासी डॉ. स्नेहिल दीवान 18 नवंबर 2026 को अपने परिवार के साथ वाराणसी गए हुए थे। इस दौरान उन्होंने घर में ताला लगा रखा था। 20 नवंबर को जब वे वापस लौटे तो घर के अंदर चोरी की घटना का पता चला। बाहर के गेट का ताला लगा हुआ था, जबकि अंदर के मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। चोर ने अलमारी का लॉकर तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नगदी रकम पार कर दी थी।
मामले की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद तेलीबांधा पुलिस ने अपराध क्रमांक 527/2026 के तहत धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस में अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।
पुलिस टीम ने संदेह के आधार पर श्याम सोना (22 वर्ष), निवासी मौलीपारा, शाम बाजार, तेलीबांधा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार की और चोरी का सामान घर की छत पर सीढ़ियों के पास छिपाकर रखना बताया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने सोने की चेन, चांदी के 12 बेलपत्र, 89,495 रुपये नगद और सब्जी काटने का चाकू बरामद कर जब्त किया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इन अधिकारियों एवं जवानों की रही महत्वपूर्ण भूमिका
डीसीपी तारकेश्वर पटेल, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त विवेक पाण्डेय के दिशा-निर्देशन एवं एसीपी सिविल लाइन रमाकांत साहू के पर्यवेक्षण में की गई इस कार्रवाई में पीएसआई चंद्र कुमार, प्रधान आरक्षक राम नारायण पटेल, आरक्षक विंध्यराज एवं आरक्षक मंजीत का विशेष योगदान रहा।
बाबाजी न्यूज़ की नजर: घर को कुछ दिनों के लिए सूना छोड़कर बाहर जाने वाले नागरिकों को सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने की जरूरत है। घर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखें और आसपास के लोगों को भी जानकारी दें, ताकि चोरी जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।



