डायरेक्टर गिरीश मलिक की फिल्म ‘बैंड ऑफ महाराजास’ अपने संगीत और ऑस्कर नॉमिनेशन को लेकर सुर्खियां बटोर रही है। इस म्यूजिकल फिल्म को ऑस्कर अवॉर्ड्स में दो कैटेगिरी में नामांकन मिला है। इसके गाने भी दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हो रहे हैं। हाल ही में फिल्म की स्टारकास्ट ने इंडिया टीवी के स्टूडियो का दौरा किया, जहां उन्होंने फिल्म, संगीत और इसकी गहराई पर खुलकर बातचीत की।
जसबीर जस्सी ने साझा की अपनी राय
इसी दौरान मशहूर सिंगर जसबीर जस्सी ने सिंगर्स और उनके म्यूजिक को लेकर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि उन्हें हनी सिंह और बादशाह से ज्यादा करण औजिला का संगीत प्रभावित करता है। जसबीर ने बताया, “करण का म्यूजिक बेहद फ्यूचरिस्टिक है और आने वाले 5-7 सालों तक यह ट्रेंड में रहेगा।” उन्होंने हनी सिंह की भी तारीफ करते हुए कहा कि उनके टैलेंट पर कोई शक नहीं किया जा सकता। जसबीर के अनुसार, हनी सिंह ने बिना अपशब्द और शराब के कई सुपरहिट गाने बनाए हैं, जिनसे लोगों को झूमने का मौका मिला है।
भारत-पाकिस्तान संबंधों और कला की भूमिका पर चर्चा
फिल्म के प्रमोशन के दौरान निर्देशक गिरीश मलिक, प्रोड्यूसर पुनीत सिंह, सिंगर-अभिनेता जसबीर जस्सी और अर्जुन प्रताप बाजवा ने संगीत और भारत-पाकिस्तान के रिश्तों पर भी अपनी राय साझा की। गिरीश मलिक ने कहा, “कला की कोई सीमा नहीं होती। भले ही आज भारत और पाकिस्तान के रिश्ते अच्छे नहीं हैं, लेकिन भारतीय लोग नुसरत फतेह अली खान को सुनते हैं, और पाकिस्तानी लोग हमारे सिंगर्स को पसंद करते हैं। हमारी फिल्म में भी संगीत की इस खूबसूरत दुनिया को दिखाने का प्रयास किया गया है। मेरा उद्देश्य संगीत और इसकी सुंदरता को दर्शकों तक पहुंचाना है।”
फिल्म का उद्देश्य और सफलता
प्रोड्यूसर पुनीत सिंह ने बताया, “हमने इसे एक कमर्शियल फिल्म की तरह बनाया था, लेकिन इसे कहानी के साथ ईमानदारी से पेश किया। यही वजह है कि फिल्म को ऑस्कर तक पहुंचने का मौका मिला। संगीत एक ऐसी भाषा है, जिसे भावनाओं के जरिए समझा जाता है।”
करण औजिला के म्यूजिक की तारीफ
जसबीर जस्सी ने भारत के युवा सिंगर्स में से करण औजिला को बेहद प्रभावशाली बताया। उन्होंने कहा, “करण और उनकी टीम हमेशा कुछ नया लेकर आते हैं। उनका संगीत अलग और भविष्य की सोच के साथ तैयार होता है।”
ऑस्कर की ओर बढ़ती फिल्म
म्यूजिकल फिल्म ‘बैंड ऑफ महाराजास’ को ऑस्कर में नॉमिनेशन मिला है। अब देखने वाली बात यह है कि यह फिल्म ऑस्कर की दौड़ में कितना आगे बढ़ पाती है और क्या यह प्रतिष्ठित अवॉर्ड अपने नाम कर पाती है।


